संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एजुकेशन हब हमीरपुर के तहत उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय का भवन अनसेफ घोषित कर दिया गया है। वर्षों पुराने जर्जर भवन को गिराकर अब नए सिरे से पुन: तैयार किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने भवन की असुरक्षा को लेकर उच्च शिक्षा उपनिदेशक को पत्र सौंपा दिया है। शीघ्र ही भवन को खाली करके बाल स्कूल हमीरपुर में शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर का भवन काफी पुराना हो चुका है। बरसात के मौसम में अकसर भवन से जगह-जगह पानी का रिसाव होता है। इस कारण भवन में कार्य करने वाले कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विभाग की ओर से नए सिरे से भवन को बनाने का कार्य करवाया जा रहा है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की ओर से लोक निर्माण विभाग को भवन की ड्राइंग व एस्टीमेट बनाने का जिम्मा सौंपा गया है, ताकि पुराने भवन को नष्ट कर नए भवन का निर्माण किया जा सके।
फिलहाल, अस्थाई तौर पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में शिफ्ट किया जाएगा। पूर्व में स्कूल परिसर में निरीक्षण विंग कार्यालय चलाया जाता था, जिसे अब जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में शिफ्ट कर दिया गया है।
भवन लंबे समय से खाली है। ऐसे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक की ओर से खाली भवन में कार्यालय को चलाने के लिए अनुमति मांगी गई है।