दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शुक्रवार को चार दिन के बाद श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए चढ़ावे की गणना की गई। इस दौरान मंदिर न्यास को 11.84 लाख रुपये की नकद राशि प्राप्त हुई।
मंगलवार से शुक्रवार सुबह तक करीब नौ हजार श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर न्यास को नकद राशि के अलावा सोना, चांदी और विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा भी प्राप्त हुई। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी गणना विवरण के अनुसार दान पेटियों से 7 लाख 48 हजार 768 रुपये की नकद भेंट प्राप्त हुई, जबकि बकरों की नीलामी से 19 हजार 100 रुपये मिले। इस प्रकार कुल 7 लाख 67 हजार 868 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
श्रद्धालुओं ने 4 लाख 16 हजार 200 रुपये का अतिरिक्त दान भी अर्पित किया। शुक्रवार की गणना में कुल 11 लाख 84 हजार 68 रुपये की नकद राशि मंदिर न्यास को मिली। श्रद्धालुओं ने 1 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 96 ग्राम 380 मिलीग्राम चांदी भी चढ़ाई।
इसके अलावा विदेशी मुद्रा के रूप में 60 इंग्लैंड पाउंड, 93 अमेरिकी डॉलर, 260 कनाडाई डॉलर, 35 यूएई दिरहम, 5 सऊदी अरब रियाल, 1 न्यूजीलैंड डॉलर और 1200 ओमानी रियाल भी प्राप्त हुए। मंदिर अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि मंदिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए कार्य कर रहा है। संवाद