नकली नोटों के माध्यम से धोखाधड़ी मामले की जांच तेज
पुलिस ने तीन दिन खंगाली दुकान में लगी सीसीटीवी फुटेज
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना के तहत लोहरड़ा बाईपास सड़क पर 74 वर्षीय दुकानदार के साथ नकली नोटों के माध्यम से धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने लगातार तीन दिन तक दुकान पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। अब एहतियात के तौर पर दुकान में लगे सीसीटीवी के स्विच को बंद करवा दिया। पुलिस का दावा है कि स्विच बंद होने से आरोपियों की फुटेज सीसीटीवी में स्टोर रहेगी। गौर रहे कि कुछ दिन पहले दो युवकों ने बुजुर्ग को 200-200 रुपये के करीब 14 नकली नोट थमा दिए। पीड़ित चुन्नी लाल ने शिकायत दी थी। दो युवकों ने यह कहकर कि उनके पास 200-200 रुपये के नोट हैं, दुकानदार से 500 रुपये के नोट मांगे।
दुकानदार ने उन्हें 500 रुपये के 12 नोट (कुल 6000 रुपये) दे दिए। बदले में आरोपियों ने उसे 200 रुपये के 30 नोट दिए, जिन्हें दुकानदार ने बिना जांच किए दुकान के गल्ले में रख लिया। अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे जब दुकानदार ने नोटों की जांच की, तो पाया कि 200 रुपये के 30 नोटों में से 16 नोट पूरी तरह से नकली थे। दुकानदार से करीब 3200 रुपये की धोखाधड़ी हुई। एएसपी राजेश ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।