घंगोट स्कूल में एसएमसी की बैठक में उपस्थित अभिभावक एवं शिक्षक। स्रोत : समिति
बिझड़ी (हमीरपुर)। शिक्षा खंड बिझड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घंगोट की जमा एक और जमा दो की कक्षाओं को गारली अथवा बिझड़ी के विद्यालयों में समायोजन करने के शिक्षा विभाग के आदेशों पर स्कूल प्रबंधन समिति घंगोट ने आपत्ति जताई है। इस संदर्भ में शिक्षा संवाद के अंतर्गत स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक प्रधान अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विद्यालय में चल रही जमा एक और जमा दो की कक्षाओं को अन्य स्कूलों में समायोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि इस क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी हैं कि चारों तरफ जंगल और नाले हैं। परिवहन सुविधा भी सुचारु नहीं है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार इस विद्यालय से गारली स्कूल की दूरी 6 किलोमीटर और बिझड़ी स्कूल की दूरी 8 किलोमीटर है। ऐसे में विशेषकर लड़कियों के लिए दसवीं के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इस स्कूल में कला संकाय में 17 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में सात शिक्षक और चार गैर शिक्षक स्टाफ तैनात है।
स्कूल प्रबंधन समिति और बच्चों के अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विद्यालय को स्थापित हुए 112 वर्ष हो गए हैं और इतनी पुरानी पाठशाला का स्तर कम करना न तो छात्र हित में है और न ही इलाके की जनता के हित में है। स्कूल प्रबंधन समिति और इलाका निवासियों ने सीएम सुक्खू से आग्रह किया है कि विद्यालय की जमा एक और जमा दो कक्षाओं को अन्य स्कूलों में समायोजित न किया जाए।