हिम आंचल पेंशनर संघ ने बैठक में लंबित मांगों और समस्याओं पर की चर्चा
2016 से जनवरी 2022 के मध्य सेवानिवृत्त पेंशनरों को लंबित लाभ देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिम-आंचल पेंशनर्स संघ की जिला इकाई की मासिक बैठक सोमवार को पेंशनर भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला प्रधान केसी गौतम ने की। जिला महासचिव शंभू राम जसवाल ने बैठक एजेंडा के साथ अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पेंशनरों ने सरकार की ओर से घोषित नई भर्ती नीति पर आपत्ति जताई गई व युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
जिला प्रधान ने खंड इकाइयों से सत्र 2025-27 के लिए सदस्यता कार्यक्रम यथावत जारी रखने का आग्रह किया। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से एक जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के मध्य सेवानिवृत्त पेंशनरों की ग्रेच्युटी, लीब-एनकैशमेंट, कम्युटेशन आदि की बकाया राशि, महंगाई भत्ता की जारी दो किस्तों का एरियर, चिकित्सा बिलों के भुगतान और महंगाई भत्ता की चार फीसदी किस्तों को जारी करने की मांग की। संघ के प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा ने कहा कि प्रदेश इकाई का चुनाव अपरिहार्य स्थिति में स्थगित किए गए हैं। पारस्परिक चर्चा के बाद जल्द ही अगली तिथि सुनिश्चित कर ली जाएगी। बैठक में संघ के प्रदेश उपप्रधान सुभाष शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष बनारसी दास पटियाल टौणीदेवी प्रधान जगदीश चदं शर्मा, देव राज पटियाल, वचित्र सिंह ठाकुर, जगदीश चंद शर्मा आदि पेंशनर उपस्थित रहे।