कहा- बस सुविधा न होने से विद्यार्थियों को घंटों तक करना पड़ता है बसों का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर(हमीरपुर)। एनएसयूआई इकाई चकमोह ने मंगलवार को बस की मांग को लेकर एचआरटीसी मंडल डिपो हमीरपुर के डीएम राजकुमार पाठक को मांगपत्र सौंपा।
इकाई अध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज की अध्यक्षता में शिवम, प्रीति, शिवानी, शुभम ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों को आने-जाने में आ रही परेशानी के बारे में अवगत करवाया। इकाई कार्यकर्ताओं ने डीएम से पठानकोट-दियोसिद्ध बस सेवा को शाहतलाई तक विस्तारित करने और इस रूट पर एक विशेष बस सेवा आरंभ करने की मांग की। इकाई अध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि दोपहर 3:15 बजे के बाद शाहतलाई के लिए कोई भी बस सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे छात्रों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विशेष रूप से कॉलेज के विद्यार्थियों को महाविद्यालय में कक्षाओं के बाद घंटों इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रूट पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस का प्रबंध किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोट
विद्यार्थियों ने समस्या को लेकर मांगपत्र सौंपा है। उच्च अधिकारियों से बातचीत के बाद समस्या को लेकर चर्चा की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजकुमार पाठक, डीएम, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर