हमीरपुर। प्राथमिक स्कूलों में अब तीन से पांच वर्ष के नौनिहालों की शैक्षणिक गतिविधियां और स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन मौजूद रहेगा। इसके लिए स्कूल स्तर पर बच्चाें की माताओं के व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। व्हाट्सएप ग्रुप में शिक्षकों व स्कूल प्रमुखों को भी शामिल किया जाएगा। ग्रुप में शिक्षक स्कूल समय के बाद घर के लिए पठ्न सामाग्री और महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में संवाद कर सकेंगे, जिससे किताबों के साथ ऑनलाइन पढ़ाई के लिंक और सामग्री साझा करने में आसानी होगी।
प्राथमिक स्कूल में पहली शिक्षक मां थीम पर इन ग्रुपों को बनाने का कार्य किया जाएगा। ग्रुप बनाने के बाद विभाग की ओर से खंड स्तर पर स्कूलों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, सबसे अधिक सक्रिय स्कूल प्रमुखों व अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा।
स्कूल स्तर पर तीन से पांच वर्ष तक के नौनिहालों के पंचकोषीय विकास, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को पूर्ण करने, स्कूल के साथ घर पर खेल-खेल से पढ़ाने, किताबी बोझ को कम करने और पहली कक्षा में दाखिले से पूर्व बच्चों को बोलने और लिखने में सक्षम बनाने के लिए इन कार्यक्रमों का आयोजित किया जा रहा है, ताकि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को निजी स्कूल की भांति सुविधाओं के साथ पढ़ाई करवाई जा सके।
स्कूल में व्हाट्सएप ग्रुप बनाने से पूर्व बैठकों का आयोजन किया जाएगा। बैठकों में शिक्षक माताओं को विद्यार्थियों की आयु के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रशिक्षण देंगे। इसके उपरांत ग्रुपों के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह कार्यक्रम करवाए जाएंगे। संवाद