हमीरपुर। बिजली उपमंडल सुजानपुर के तहत धरोल और भटाणी गांवों में कम वोल्टेज की समस्या खत्म होगी। यहां के करीब 100 परिवारों को पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध होगी।
बिजली बोर्ड की ओर से यहां पर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसका टेंडर अवार्ड हो गया है। वहीं, यहां पर नौ बिजली पोल लगने हैं। हजारों रुपये का बजट इसमें खर्च किया जाना प्रस्तावित है। टेंडर प्रक्रिया सहित अन्य औपचारिकताओं के पूर्ण होने के बाद जल्द ही ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
इलेक्ट्रिक सेक्शन चौरी के तहत धरोल और भटाणी गांवों के लोगों के लिए काफी वर्ष पहले 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। समय के साथ आबादी में इजाफा हुआ। पहले जहां केवल रोशनी और पंखें के लिए बिजली का उपयोग होता था, लेकिन अब कई कार्यों के लिए बिजली का उपयोग हो रहा है। सर्दियों में खासकर हीटर लगाने समेत अन्य उपकरणों के लिए बिजली की खपत बढ़ जाती है।
इन गांवों के लोगों को कम वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यदि बिजली आपूर्ति बाधित हो जाए तो काफी समय बिजली बहाल होने के लिए लग जाता था। लोगों ने बिजली बोर्ड से यहां पर नया और अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी।
अब यहां पर नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दो ट्रांसफार्मर की सुविधा होने से कम वोल्टेज की समस्या तो हल होगी ही, वहीं यदि बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली सेवा बहाल हो जाएगी।
कोट
धरोल और भटाणी गांवों के लोगों के लिए 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसका टेंडर अवार्ड हो गया है। नया ट्रांसफार्मर लगने से कम वोल्टेज की परेशानी समाप्त हो जाएगी।
-सुनील शर्मा, जेई, इलेक्ट्रिक सेक्शन चौरी, बिजली उपमंडल सुजानपुर