हमीरपुर। राज्य अपशिष्ट/कीटनाशक परीक्षण प्रयोगशाला हमीरपुर में स्टाफ की नियुक्ति का प्रस्ताव कृषि विभाग ने कृषि निदेशालय को भेज दिया है। स्टाफ की नियुक्ति के बाद खाद्य पदार्थों में कीटनाशक अवशेषों की जांच का काम नियमित और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।
फिलहाल सेवा प्रदाता कंपनी के दो तकनीकी कर्मी एक वर्ष तक सेवाएं देंगे। ये कर्मी जांच के साथ नए स्टाफ को प्रशिक्षण भी देंगे। आम लोगों के लिए भी प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
कृषि विभाग ने गेहूं, मक्की सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में कीटनाशक अवशेषों की जांच फीस तय करने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा है। सरकार की मंजूरी के बाद लोग अपने घरों में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए दे सकेंगे और उनमें मौजूद कीटनाशक अवशेषों की मात्रा का पता लगा सकेंगे।
वहीं, आतमा परियोजना के सौजन्य से प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं और मक्की के नमूनों की जांच किसानों के लिए निशुल्क की जा रही है।
कोट
स्टाफ और फीस संबंधित प्रस्ताव भेजे हैं। दोनों ही प्रस्तावों की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है।
-राजेश राणा, जिला कृषि अधिकारी