हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए अब हर सप्ताह उनका मूल्यांकन किया जाएगा। शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता परखने और विषयवार कमजोर विद्यार्थियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
इसके तहत हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान विषयों से 12-12 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रदर्शन के आधार पर विद्यार्थियों की विषयवार स्थिति का आकलन किया जाएगा।
मूल्यांकन से यह पता लगाया जाएगा कि विद्यार्थी कक्षा के अनुरूप निर्धारित पाठ्यक्रम और विषय की मूल अवधारणाओं को कितना समझ पा रहे हैं। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में कठिनाई होगी, उन्हें अतिरिक्त अभ्यास, दोहराव और विषयवार शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा।
इससे शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रगति पर नियमित नजर रखने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों के मूल्यांकन और प्रगति की जानकारी ‘अभ्यास हिमाचल’ ऐप पर उपलब्ध होगी। अभिभावक भी ऐप के माध्यम से अपने बच्चों के प्रदर्शन की जानकारी देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर शिक्षकों के साथ समन्वय कर उनकी पढ़ाई में सहयोग कर सकेंगे।
लगातार कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष अभ्यास और सहायता की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनकी बुनियादी सीखने की क्षमता मजबूत हो सके।
कोट
स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को पढ़ाई में निपुण बनाने के लिए अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करके उनके लिए अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
-कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर