बस अड्डा हमीरपुर में लगाई जा रही एलईडी। संवाद
हमीरपुर। ट्रेन की तर्ज पर अब सरकारी बसों की लोकेशन यात्री जान सकेंगे। इसके लिए हमीरपुर बस अड्डा में ग्लोबल पॉजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) से लैस चार एलईडी लगाई गई हैं।
एलईडी में सरकारी बसों की लोकेशन प्रदर्शित होगी। हालांकि यह जानकारी उन्हीं बसों की मिलेगी, जिन बसों में जीपीएस सुविधा होगी। बस अड्डा हमीरपुर में पहले छोटे आकार की एलईडी थी। इसमें जीपीएस की सुविधा नहीं थी, लेकिन अब बडे़ आकार की और जीपीएस सुविधा से लैस एलईडी लगाई जाएंगी।
ऐसे में अब यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन की जानकारी बस स्टैंड पर बैठे-बैठे मिल सकेगी। इस प्रणाली के लागू होने से बस चालकों की मनमानी भी रुकेगी। यात्रियों की शिकायतें आती हैं कि बसें समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंचती हैं।
वहीं, बसों की लाइव लोकेशन सीधे यात्री भी देख सकेंगे। एलईडी में बसों की लाइव लोकेशन दिखेगी। सीधे तौर पर यात्री भी देख सकेंगे कि उनकी बस कहां तक पहुंची और कितनी देर में आएगी। इससे यात्रियों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, उन्हें बस आने की सटीक जानकारी हासिल हो सकेगी।
अक्सर देखा गया है कि सरकारी बसें कहीं न कहीं खराब हो जाती हैं। इससे उनके आने में देरी हो जाती है। वहीं, यात्री बस अड्डा पर बसों का इंतजार करते रहते हैं। अब व्यवस्था के लागू होने से तुरंत लाइव लोकेशन की जानकारी मिलेगी। वहीं, देरी होने अथवा एक ही लोकेशन पर अधिक समय लगने पर यात्री भी इसकी जानकारी प्रबंधन को दे सकेंगे और देरी के कारण का भी पता चल पाएगा।