हमीरपुर। शहर में सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा नहीं उठाया या कहीं कचरा दिखे तो अब आपको किसी को फोन करने की जरूरत नहीं है। महज एक फोटो अपलोड करने से इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
नगर निगम हमीरपुर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए अब स्वच्छता एप का सहारा लेगी। एप के माध्यम से लोग सफाई व्यवस्था सही न होने की शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। लोगों को अब शिकायत दर्ज करवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग घर से ही अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।
नगर निगम हमीरपुर के तहत शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अब स्वच्छता एप शुरू किया गया है। इसकी निगरानी नगर निगम के अधिकारी करेंगे।
एप के माध्यम से गंदे स्थानों की सफाई, गारबेज डंप, गारबेज व्हीकल न आने, खुले में कूड़ा जलाने, सफाई न होने, कूड़ादानों के गंदा होने, खुले में शौच करने, सीवरेज खुले में बहने, गंदा पानी सड़कों पर जमा होने, सेप्टिक के ओवर फ्लो होकर बहने, सार्वजनिक शौचालयों में बिजली की सुविधा न होना या पानी न आना, सार्वजनिक शौचालय बंद होना, शौचालयों में सफाई न होना या कूड़ा फेंकने को लेकर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
फोटो ऐसे करें डाउनलोड
प्ले स्टोर से स्वच्छ भारत अभियान का स्वच्छता एप खुल जाएगा। इसके बाद इसमें अपना नंबर डाले। ओटीपी डालें। इसके बाद लोकेशन चयनित करें। आपका एप प्रयोग करने के लिए तैयार है। इसमें लोग मौके पर फोटो खींचकर शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।
कोट :
स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। लोग स्वच्छता एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। लाेगों को अपने मोबाइल में स्वच्छता एप डाउनलोड करना होगा।
-राम प्रसाद शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर