हमीरपुर। डिपुओं में सस्ते राशन लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को पॉश मशीनों में अंगूठा लगाने की जरूरत नहीं होगी। इस माह से राशन आवंटन में बदलाव किया गया है। इस माह से उपभोक्ताओं को राशन आधार वेस ओटीपी के आधार पर मिलेगा।
डिपो में मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के माध्यम से राशन का वितरण किया जाएगा। उपभोक्ता जब राशन के लिए डिपुओ में जाएंगे, तो वह राशन विक्रेता को कार्ड संख्या बताएंगे। कार्ड संख्या पॉश मशीन में दर्ज की जाएगी, जिससे जो मोबाइल नंबर आधार से लिंक होगा, उसमें ओटीपी आएगा। ओटीपी बताने पर उपभोक्ताओं को राशन वितरित कर दिया जाएगा।
हमीरपुर जिले में करीब 312 डिपो हैं। वहीं, करीब एक लाख 50 हजार राशनकार्ड बने हैं। गौर रहे कि कई उपभोक्ताओं की अंगुलियों के निशान स्कैन नहीं होते थे, इस कारण उन्हें राशन लेने में परेशानी होती थी। हालांकि उन उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, जिन्होंने आधार से लिंक मोबाइल नंबर में बदलाव किया है। वहीं, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले हमीरपुर की ओर से भी डिपो संचालकों को इस बारे आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोट
इस माह से उपभोक्ताओं को अंगूठा लगाने की आवश्यकता नहीं पडे़गी। कार्ड संख्या बताने पर आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी बताने पर उपभोक्ताओं को राशन दे दिया जाएगा।
-शिवराम राही, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, हमीरपुर