चार हजार रुपये जुर्माना वसूला, प्लास्टिक के प्रयोग पर भी कसा शिकंजा,
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन ने शहर में दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को लेकर वीरवार को कार्रवाई की। बाजार में दुकानों के आगे सामान बढ़ाकर लगाने पर नगर परिषद प्रशासन ने आठ दुकानदारों के चालान काटकर उन पर चार हजार रुपये जुर्माना लगाया।
नगर परिषद नादौन के सचिव रमन शर्मा की अगुवाई में टीम ने स्थानीय बाजार और बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे बरामदे और सड़क मार्ग पर अतिक्रमण करके समान लगाया हुआ था। मौका पर पहुंचकर नगर परिषद प्रशासन ने सात दुकानदारों के अतिक्रमण को लेकर चालान काटे और एक दुकानदार का सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए चालान किया।
इन सभी से मौका पर ही चार हजार रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले गए। इस मौका पर नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी अक्षित सोनी भी मौजूद रहे। नगर परिषद के सचिव रमन शर्मा ने बताया कि काफी समय से इस बारे में शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटा जाएगा।
उन्होंने शहरभर के दुकानदारों को चेतावनी दी है कि अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दुकानदर अपनी दुकानों का सामान बरामदे व सड़क मार्ग पर सजा देते हैं, जिसके कारण राहगीरों को इस स्थल से निकलना मुश्किल हो जाता है, जिसके कारण उन्हें परेशानी होती है।