हमीरपुर। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान की अधिसूचना जारी करे। यह मांग राजकीय टीजीटी कला संघ ने रखी है।
संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि प्रदेश के कर्मचारियों को वर्तमान में 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। जुलाई 2023 से महंगाई भत्ते की चार प्रतिशत की दर से अगली किस्त लंबित है। राज्य सरकार ने इस वर्ष अप्रैल में तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की थी। आज तक न तो इसकी अधिसूचना जारी हुई है और न ही कर्मचारियों को भुगतान मिला है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 से केंद्र ने महंगाई भत्ता 54 प्रतिशत घोषित कर दिया है। इसके विपरीत प्रदेश में कर्मचारियों को अभी तक जुलाई 2023 से देय 46 प्रतिशत की दर का महंगाई भत्ता पूर्ण रूप से नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समकक्ष लाभ मिलना चाहिए। लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।