15 लाख में छूटी थी बोली, अभी तक जमा करवाए 7 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक सुजानपुर चौगान में आयोजित राष्ट्र स्तरीय होली मेले के समापन के बावजूद वाहन पार्किंग की बोली की आधे से ज्यादा राशि अभी तक बोलीदाता ने प्रशासन के पास जमा नहीं करवाई है। ऐसे में प्रशासन ने बोलीदाता को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी होने के बावजूद अभी तक राशि जमा नहीं करवाई गई है। ऐसे में अगर जल्द बोलीदाता ने शेष राशि को जमा नहीं करवाया तो प्रशासन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। सुजानपुर में आयोजित राष्ट्रीय होली मेले में वाहन पार्किंग की खुली बोली मेला एवं उपमंडल अधिकारी ने करवाई थी और यह वाहन पार्किंग की बोली करीब 15 लाख रुपये में छूटी थी।
मेला समाप्त हुए एक माह से भी अधिक समय हो गया है लेकिन अभी तक बोलीदाता ने महज सात लाख रुपये ही मेला अधिकारी के पास जमा करवाए हैं। मेला एवं उपमंडल अधिकारी डॉ. रोहित शर्मा ने कहा कि वाहन पार्किंग की बोली जिस व्यक्ति ने ली थी, उसने अभी तक आधे से ज्यादा राशि जमा नहीं करवाई है। अब तक दो नोटिस जारी किए गए हैं। समय रहते राशि जमा नहीं करवाई गई तो बोलीदाता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार : सोनम शर्मा