संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पंचायत चुनाव की नामांकन छंटनी प्रक्रिया के पहले दिन जिला परिषद के तीन नामांकन रद्द हुए हैं। जिप वार्ड चमनेड़ और मालग से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हुए है, जबकि जाहू वार्ड में एक अन्य प्रत्याशी का पर्चा भी रद्द हुआ है।
जिला परिषद के कुल 19 वार्डों में 69 नामांकन दर्ज हुए थे। वहीं, कई वार्ड में अभी तक छंटनी प्रक्रिया जारी है। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से बुधवार को छंटनी की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
जिला परिषद वार्ड मालग से भाजपा समर्थित काजल का नामांकन रद्द हुआ है। काजल के ससुर सुशील कुमार पर अतिक्रमण के आरोप लगाए गए थे। इस विषय की जांच के बाद काजल के नामांकन को रद्द कर दिया गया है। यहां से अब दो प्रत्याशी कांग्रेस समर्थित कंचना कुमार और वंदना कुमारी ही चुनाव मैदान में है।
नादौन में चार जिला परिषद वार्ड हैं। इनमें आठ प्रत्याशी छंटनी के बाद मैदान में बचे हैं। यहां पर कुल नौ नामांकन दर्ज हुए थे। जिला परिषद वार्ड चमनेड़ से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोहित शर्मा उर्फ हैप्पी पहलवान का नामांकन रद्द हुआ है।
आरोप है कि उनके दादा ने सरकारी भूमि पर कब्जा कायम करने के लिए दो दशक पहले अर्जी दी थी। नामांकन को रद्द करने का कारण सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बताया गया है। अब चमनेड़ वार्ड में तीन ही प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इनमें कांग्रेस समर्थित नीरज ठाकुर, दुनी चंद और कामरेड सुरेश कुमार शामिल हैं।
एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने रोहित शर्मा का नामांकन रद्द होने की पुष्टि की है। वहीं, भोरंज विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते जिला परिषद के जाहू वार्ड से भी निर्दलीय उम्मीदवार ठाकुर चंद का नामांकन रद्द हुआ है।
नामांकन रद्द होने के पीछे वजह यह बताई जा रही है कि यह प्रत्याशी नगर पंचायत भोरंज का वोटर था, लेकिन इसने जाहू वार्ड से नामांकन भर दिया था। अब जाहू में छह प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।