अवाहदेवी (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर हमीरपुर से अवाहदेवी कस्बे के प्रवेश द्वार टिहरा चौक में स्ट्रीट लाइटें न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह चौक शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएच निर्माण कंपनी इस महत्वपूर्ण स्थान पर स्ट्रीट लाइट लगाना भूल गई है, जिससे यात्रियों को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इस चौक से लंबी दूरी की कई बसें गुजरती हैं और यहां रुकती भी हैं।
शाम 6:45 और सात बजे हमीरपुर की ओर जाने वाली बसों के अलावा सुबह चार और पांच बजे आने वाली बसों के समय यात्रियों को अंधेरे में इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे के कारण विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को परेशानी होती है। चौक के आसपास कुछ रिहायशी मकान हैं, लेकिन रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है।
सड़क के नीचे सुनसान क्षेत्र और नाला होने के कारण जंगली जानवरों, विशेषकर तेंदुए के आने की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि टिहरा चौक पर न तो स्ट्रीट लाइट की सुविधा है और न ही यात्रियों के लिए बस प्रतीक्षालय है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित निर्माण कंपनी टिहरा चौक पर शीघ्र स्ट्रीट लाइटें लगाए और यात्रियों की सुविधा के लिए बस प्रतीक्षालय का निर्माण करवाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिल सके।
-वीरेंद्र कुमार, निवासी अवाहदेवी
टिहरा चौक पर स्ट्रीट लाइट लगना बेहद जरूरी है। अंधेरे के कारण यात्रियों में हर समय असुरक्षा की भावना बनी रहती है और रात के समय यहां बस का इंतजार करना जोखिम भरा हो जाता है।
-राज कुमार, निवासी बुहाना
तड़के सुबह जो बसें यात्रियों को टिहरा चौक पर उतारती हैं, उन्हें मुख्य अवाहदेवी बस स्टैंड तक जाना चाहिए। चौक पर घना अंधेरा होने के कारण किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
-लक्ष्मण सिंह ठाकुर, निवासी हियोड़
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इस स्थान पर शीघ्र स्ट्रीट लाइटें लगानी चाहिएं। जब अवाहदेवी माता के प्रवेश द्वार पर ही अंधेरा है, तो अन्य स्थानों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था करना आवश्यक है।
-संजीव कुमार, निवासी बगवाड़ा
कोट :
एनएच निर्माण कंपनी ने जितने बिजली कनेक्शनों की मांग की थी, बोर्ड ने सभी उपलब्ध करवा दिए हैं। यदि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या निर्माण कंपनी अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों के लिए और कनेक्शन मांगती है, तो बोर्ड उन्हें भी उपलब्ध करवा देगा।
-ई. दीपक चौहान, सहायक अभियंता, बिजली उपमंडल टौणीदेवी
संजीव कुमार निवासी बगवाड़ा।
संजीव कुमार निवासी बगवाड़ा।
संजीव कुमार निवासी बगवाड़ा।