सीएमओ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. प्रवीण चौधरी ने की। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अजय अत्री, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. राकेश ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षक, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही सभी योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने बताया कि खंड स्तर पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जो गर्भवती महिलाएं हर महीने अपने स्वास्थ्य जांच के लिए आती हैं, उनकी उचित स्वास्थ्य जांच होनी चाहिए। कोई महिला छूटनी नहीं चाहिए तभी उच्च जोखिम गर्भवती महिला का पता लगा पाएंगे। जो प्रवासी लोग हैं, उन्हें परिवार नियोजन के उपायों के बारे में उचित परामर्श दें।
बॉक्स
स्कूलों के दोपहर के भोजन की जांच करे टीम
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम स्कूलों में वर्ष में एक बार जाती है और आंगनबाड़ी में वर्ष में दो बार जाती है। इस दौरान इस टीम को स्कूलों के दोपहर के भोजन को भी चेक करना चाहिए। पानी की टंकियों को भी चेक करना चाहिए। बरसात के मौसम में पानी से होने वाली बीमारियां और आंखों से संबंधित होने वाली बीमारियों से बचने के लिए खंड स्तर पर जागरूकता गतिविधियां होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उपलब्ध स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का गहन विश्लेषण करें तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाएं। विभिन्न कार्यक्रमों के तहह आवंटित राशि को समय पर खर्च करना भी सुनिश्चित करें।