20 नवंबर के बाद नए सिरे से प्रक्रिया शुरू होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शहर की भूमिगत डक्ट और हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) कार्यालय के के सामने बनने वाले सीबीटी सेंटर के निर्माण का इंतजार और बढ़ गया है। समग्र निविदा प्रक्रिया के तहत जारी किए गए दोनों परियोजनाओं के टेंडर में काम लेने के लिए निर्धारित शर्तों के अनुसार फर्में नहीं मिल पाईं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग अब दोनों कार्यों के लिए नए सिरे से टेंडर जारी करेगा। 20 नवंबर के बाद निविदाएं आमंत्रित किए जाने की संभावना है।
लोक निर्माण विभाग ने पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले भवन निर्माण कार्यों के लिए समग्र टेंडर व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सिविल, बिजली और बागवानी से जुड़े कार्य एक ही निविदा में शामिल किए जाते हैं। इस व्यवस्था के बाद हमीरपुर में दोनों परियोजनाओं के टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन अपेक्षित शर्तें पूरी न होने से कोई फर्म टेंडर हासिल नहीं कर सकी है।। सीबीटी भवन के टेंडर में केवल एक फर्म ने हिस्सा लिया था, जबकि डक्ट परियोजना के लिए निर्धारित शर्तों के तहत कोई ठेकेदार आगे नहीं आया। अब विभाग दोनों कार्यों की निविदा प्रक्रिया दोबारा शुरू करेगा।
शहर में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत डक्ट बनाई जानी है। पहले चरण में गांधी चौक से मेडिकल कॉलेज तक डक्ट निर्माण प्रस्तावित है। इसके बनने से बिजली, पानी और दूरसंचार की लाइनें भूमिगत एकीकृत व्यवस्था में डाली जा सकेंगी। इससे बार-बार सड़कें खोदने की समस्या से राहत मिलेगी। परियोजना के लिए सरकार से 15 करोड़ रुपये की पहली किस्त मिल चुकी है। वहीं, एचपीआरसीए के सामने करीब 28 करोड़ रुपये से पांच मंजिला सीबीटी केंद्र बनाया जाना प्रस्तावित है। इसमें एक साथ 1800 अभ्यर्थियों के ऑनलाइन परीक्षा देने की व्यवस्था होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों परियोजनाओं के निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
दोनों परियोजनाओं के टेंडर नए सिरे से जारी किए जा रहे है। टेंडर आवंटित होने के बाद शीघ्र दोनों योजनाओं के तहत कार्य शुरू करवाने का प्रयास है। दीपक कपिल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग