हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जल्द ही नए टोकन डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए कसरत शुरू कर दी है। कॉलेज प्रशासन ने टोकन डिस्प्ले की सुविधा देने के लिए प्रदेश सरकार को पत्र लिखा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही टोकन डिस्प्ले बोर्ड की सुविधा कॉलेज को मिल जाएगी, जिससे मरीजों को काफी लाभ होगा। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चिकित्सकों के कक्ष के बाहर टोकन डिस्प्ले बोर्ड का अभाव है। कुछ चिकित्सकों के कक्ष के बाहर डिस्प्ले बोर्ड तो लगे हैं, लेकिन वह खराब पड़े हैं। टोकन डिस्प्ले बोर्ड के खराब होने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मरीजों काे अपनी स्वास्थ्य जांच की बारी का इंतजार खड़े होकर करना पड़ता हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में रोजाना 1500 के करीब ओपीडी पर्ची बनती हैं। पहले तो मरीजों को पर्ची बनाने के लिए पंक्ति में लगना पड़ता है। उसके बाद डिस्प्ले बोर्ड न होने के कारण फिर से पंक्ति में लगना पड़ता है।
कोट
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में नए टोकन डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। एनएचएम के तहत यह बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसके लिए सरकार को पत्र लिख दिया गया है। जैसे ही टोकन डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध होंगे, चिकित्सकों के कक्ष के बाहर लगा दिए जाएंगे, ताकि मरीजों को कोई दिक्क्त न हो।
-डॉ. अजय शर्मा, एमएस, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर