हमीरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की उचित सुविधा मिलेगी। पुस्तकालयों को आधुनिक बनाने के साथ स्कूलों में पुरानी किताबों को लेकर सर्वे किया जाएगा।
सर्वे में पुस्तकालयों की पुरानी किताबों के साथ नई किताबों का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। रिकॉर्ड तैयार होने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की मांग के अनुसार नई किताबों की डिमांड निदेशालय को भेजी जाएगी। निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद स्कूलों में नई किताबों का स्टॉक जारी होगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में जिला के पुस्तकालयों में रखी गई किताबें वर्षों पूर्व प्रिंट की गई हैं। ऐसे में पुस्तकालयों के सार्वजनिक होने के कारण विद्यार्थियों के साथ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में दिक्कत झेलनी पड़ रही थीं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उच्चत्तर शिक्षा विभाग ने पुस्तकालयों को आधुनिक करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें रखने का निर्णय लिया है, ताकि युवाओं को निशुल्क स्कूल स्तर पर किताबों की सुविधा मिल सके।
किताबों के साथ विद्यार्थी कंप्यूटरों के माध्यम से ऑनलाइन देश विदेश की घटनाओं व इतिहास के बारे में जानकारी प्रदान कर सकेंगे। पुस्तकालयों से विद्यार्थियों व युवाओं को निशुल्क घर तक किताबें लेकर जाने में सुविधा मिलेगी।
कोट
स्कूल समय-समय पर विद्यार्थियों की डिमांड के अनुसार किताबों की डिमांड भेजते हैं। इसके आधार पर किताबें जारी होती हैं। पुस्तकालयों को आधुनिक करने के साथ सार्वजनिक करने का कार्य जारी है। पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के साथ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में सुविधा मिलेगी।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर।