जाहू पंचायत के वार्ड नंबर तीन हौड़ में बन रहा ओवर हैड टैंक। स्रोत : जागरूक पाठक
जाहू (हमीरपुर)। जाहू पंचायत में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जल शक्ति विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पंचायत के हौड़ गांव में एक लाख लीटर क्षमता वाले ओवरहेड टैंक का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। टैंक के निर्माण के बाद क्षेत्र के करीब 500 परिवारों को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के तहत करीब 19 लाख रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस ओवरहेड टैंक का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। विभाग ने शेष कार्य जून के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। टैंक के शुरू होने से क्षेत्र में पेयजल वितरण व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
विभाग ने जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए टैंक के समीप सात इंच का बोरवेल भी स्थापित किया है। बोरवेल से पर्याप्त मात्रा में पानी मिलने के बाद इसे सीधे ओवरहेड टैंक से जोड़ा जाएगा, जिससे आसपास के गांवों और बस्तियों में रहने वाले लोगों को निर्बाध जलापूर्ति मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी विभाग द्वारा पंचायत क्षेत्र में चार स्थानों पर सात इंच के बोरवेल स्थापित किए जा चुके हैं। इन प्रयासों से क्षेत्र में जल उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और गर्मियों के दौरान पानी की कमी की समस्या काफी हद तक कम हुई है।
स्थानीय लोगों ने विभाग के इस प्रयास का स्वागत करते हुए कहा कि ओवरहेड टैंक बनने से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों को सुबह-शाम पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।हौड़ गांव के पास एक लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शेष कार्य जल्द पूरा कर लोगों को टैंक के माध्यम से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। -राजेंद्र पठानिया, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर