हमीरपुर। बिजली बोर्ड हमीरपुर ने शहर में लगातार लग रहे बिजली कटों से छुटकारा दिलाने के लिए चार नए ट्रांसफार्मर शहर में स्थापित करने की योजना तैयार कर ली है। शहर में लगातार बढ़ रहे बिजली के लोड को संतुलित करने के लिए चार नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रारंभिक स्टेज में बॉय स्कूल गेट के सामने वाले ट्रांसफार्मर को बदलने और इस स्थान पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए बिजली बोर्ड मुख्यालय से स्वीकृति मिल गई है।
इसके लिए टेंडर भी हो गए हैं। अब यहां पर जल्द ही 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर इंस्टॉल कर दिया जाएगा। इस पर 14.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पर बिजली बोर्ड की ओर से 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया हुआ था और यहां पर लोड 270 केवीए के करीब आ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए यहां पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जा रहा है। इसे दिसंबर तक स्थापित कर दिया जाएगा। इसके अलावा दूरसंचार निगम के कार्यालय के साथ स्थापित किए गए 400 केवीए के ट्रांसफार्मर को भी बदला जाना है। उसके स्थान पर 630 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए अभी टेंडर कॉल नहीं किए गए हैं। धनाल के पास भी तीसरा ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसकी क्षमता 100 केवीए से बढ़ाकर 250 केवीए की जाएगी। प्राइमरी स्कूल हमीरपुर के साथ भी 100 केवीए ट्रांसफार्मर को बदलकर 250 केवीए की क्षमता तक किए जाने की योजना है। इन सभी ट्रांसफार्मर के लिए बिजली बोर्ड मुख्यालय से स्वीकृति मिल गई है। अब जल्द ही शहर में लगने वाले बिजली कटों से लोगों को राहत मिल जाएगी। शहर में बिजली के कट लगातार लग रहे थे। इससे लोगों को अपने दिन के काम निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शहर में स्थापित किए जाएंगे चार बिजली के नए ट्रांसफार्मर
बिजली बोर्ड के डिवीजन हमीरपुर के अधिशाषी अभियंता नरेंद्र बरोल ने बताया कि जल्द ही हमीरपुर शहर में बिजली के चार नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इन जगहों पर लोड बढ़ने से बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या पैदा हो रही है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इनका लोड भी बढ़ाया है, ताकि शहर में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो।