हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के नए भवन का उद्घाटन किए साढ़े तीन माह से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन अभी तक विवि के विभिन्न विभाग इसमें शिफ्ट नहीं हो पाए हैं। कक्षाओं को दडूही स्थित विवि के नए भवन में शिफ्ट करने में फर्नीचर की समस्या पेश आ रही है। हालांकि, विवि प्रशासन ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को बीते माह फर्नीचर स्थापित करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, अभी तक बहुत कम संख्या में फर्नीचर स्थापित हो पाया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 6 दिसंबर 2019 को अपने हमीरपुर दौरे के दौरान दडूही में निर्मित तकनीकी विश्वविद्यालय के नए अकादमिक और प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया था।
लोकार्पण के दौरान ही मुख्यमंत्री ने मंच से 10 करोड़ रुपये का आवर्ती अनुदान प्रदान करने की घोषणा भी की थी। 66.61 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के भवन का लोकार्पण करने के बाद भी जब कक्षाएं नए भवन में शिफ्ट न हुईं तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हमीरपुर में भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन शुरू किया। जिसके बाद अब बीते सप्ताह ही विवि ने एमबीए पर्यटन, एमसीए और एमटेक कंप्यूटर साइंस विभाग को नए भवन में शिफ्ट कर दिया है। लेकिन, एमबीए सामान्य, एमएससी फिजिक्स और बेचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग विभाग अभी तक हमीरपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल और राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में चल रहे हैं। विद्यार्थी परिषद ने चेताया है कि अगर शीघ्र सभी कक्षाएं नए भवन में शिफ्ट न की गई तो आने वाले समय में फिर से संघर्ष के लिए मजबूर होंगे। विद्यार्थी परिषद ने नए भवन में विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की भी मांग की है।
बयान-
दडूही स्थित तकनीकी विवि के नवनिर्मित भवन में चार विभाग बीते सप्ताह ही शिफ्ट कर दिए गए हैं। जबकि शेष तीन विभाग अभी तक हमीरपुर में चल रहे हैं। केंद्रीय लोनिवि को फर्नीचर की डिमांड भेज दी है। फर्नीचर आते ही शेष विभागों को भी नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। 25 मार्च तक कुलपति और अन्य डीन कार्यालयों को भी दडूही में नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।
-डॉ. कुलभूषण चंदेल, डीन अकादमिक एवं जनसंपर्क अधिकारी, हिप्र तकनीकी विवि हमीरपुर।