हमीरपुर। नादौन अस्पताल में नवजात शिशुओं की पहले से बेहतर देखभाल होगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से यहां पर न्यू बोर्न केयर कॉर्नर और न्यू बोर्न सिक यूनिट बनाई जाएगी।
दोनों ही सुविधाओं को शुरू करने की स्वीकृति के लिए अस्पताल प्रबंधन ने विभाग से पत्राचार किया था। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। नादौन अस्पताल प्रबंधन अब प्रपोजल संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं में जुटा है। यहां पर अब नवजात शिशु की देखभाल विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपकरणों से की जाएगी।
न्यू बोर्न सिक यूनिट (एसएनसीयू) और न्यू बोर्न केयर कॉर्नर (एनबीसीसी) दोनों ही नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए महत्वपूर्ण सुविधाएं हैं। न्यू बोर्न सिक यूनिट गंभीर रूप से बीमार या समय से पहले जन्मे शिशुओं के लिए गहन चिकित्सा प्रदान करती है। यह यूनिट विशेष रूप से बीमार या कम वजन वाले नवजात शिशुओं के लिए होती है।
इस यूनिट में 24 घंटे बाल रोग विशेषज्ञ और प्रशिक्षित नर्सें मौजदू रहती हैं। शिशुओं को वेंटिलेटर, इनक्यूबेटर और अन्य उन्नत चिकित्सा उपकरणों की सुविधा मिलती है।
बॉक्स
लेबर कमरे के साथ बनेगा न्यू बोर्न केयर कॉर्नर
न्यू बोर्न केयर कॉर्नर लेबर कमरे के साथ बनाया जाएगा। यह बच्चों के जन्म के समय तत्काल देखभाल, संक्रमण की रोकथाम जैसी बुनियादी सेवाएं प्रदान करता है। न्यू बोर्न केयर कॉर्नर या नवजात देखभाल कोना, एक ऐसी सुविधा है जो जन्म के समय नवजात शिशुओं को बुनियादी देखभाल प्रदान करती है। इससे जन्म के तुरंत बाद शिशुओं को आवश्यक देखभाल मिलती है।
कोट
नादौन अस्पताल में न्यू बोर्न केयर कॉर्नर और न्यू बोर्न सिक यूनिट बनाई जाएंगी। अस्पताल प्रबंधन को इसकी स्वीकृति मिल चुकी है।
-डॉ. राजेश भारद्वाज, बीएमओ नादौन