जिला युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर ऐसे युवा और महिला मंडल को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार देगा जिन्होंने किसी गांव में सामाजिक क्षेत्र में, स्वास्थ्य, पर्यावरण, व्यावसायिक प्रशिक्षण, शिक्षा को बढ़ावा देना, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और अन्य साहसिक कार्यक्रमों में भाग लिया है।
गांव में परिसंपत्ति का निर्माण करना, युवाओं को स्वरोजगार देना, सामाजिक बुराइयों और समस्याओं को खत्म करना, गांव में स्वच्छता अभियान चलाना और सामाजिक कल्याण के लिए अन्य कार्य किए हैं, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।
जिला हमीरपुर के सभी युवक मंडलों और महिला मंडलों से आग्रह किया कि वे एक अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2016 तक आयोजित सभी गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट पुरस्कार के लिए सभी दस्तावेजों सहित 25 सितंबर 2016 तक कार्यालय जिला युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र बचत भवन हमीरपुर को भेजें। आवेदन पत्र नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर से किसी भी कार्य दिवस पर प्राप्त कर सकते हैं।
पुरस्कार चयन करने के लिए उपायुक्त हमीरपुर की अध्यक्षता में एक चयन समिति गठित की जाएगी। जिला स्तर पर युवा क्लब पुरस्कार योजना के तहत 25 हजार रुपये एवं प्रशंसा पत्र, राज्य स्तर पर एक लाख रुपये और प्रशंसा पत्र और राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले मंडल को पांच लाख, दूसरे को तीन लाख और तीसरे को दो लाख रुपये और प्रशंसा पत्र दिए जाएंगे।