केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में नीट की परीक्षा के लिए पंजीकरण करवाते अभ्यर्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। समय : सुबह 11 बजकर पांच मिनट हुए हैं। केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के प्रवेश द्वार के पास नीट की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ है। पांच मिनट पहले ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ है।
11 बजकर दस मिनट हुए हैं। अभ्यर्थियों के पैन, कलाई पर बंधे बैंड, हेयर बैंड, क्लचर, नोज पिन और ईयर रिंग खुलवाए जा रहे हैं। एक महिला कर्मचारी अभ्यर्थियों से पैन और अन्य सामान ले रही है। अभ्यर्थियों की तलाशी लेकर उनके पहने मास्क खुलवाए गए। केंद्र पर नए मास्क उन्हें दिए जा रहे हैं। थर्मल स्क्रीनिंग कर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
सुबह 11 बजे से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया दोपहर डेढ़ बजे तक चली। डेढ़ बजे तक सभी अभ्यर्थी केंद्र में पहुंच गए। दो बजे परीक्षा शुरू हुई। पांच बजकर 20 मिनट पर परीक्षा समाप्त हुई। परीक्षा के सिटी समन्वय और डीएवी स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने कहा कि जिला में नीट परीक्षा के लिए पांच केंद्र थे। इनमें डीएवी हमीरपुर, टीआरडीएवी कांगू, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर, हमीरपुर पब्लिक स्कूल और सेवन स्टार स्कूल बणी शामिल हैं।
इन केंद्रों पर 2848 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 2759 ने परीक्षा दी और 89 परीक्षा से अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्वण हुई। उधर टीआरडीएवी कांगू में परीक्षा के चलते केंद्र के बाहर सड़क पर लंबा जाम लग गया। करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क पर वाहन फंसे रहे और धीरे-धीरे जाम बहाल हुआ। अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ वाहनों में पहुंचे थे। इसके चलते लंबा जाम लगा रहा।