लोगों ने बड़े सूचना बोर्ड लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सूचना बोर्ड के अभाव में दिव्यांग और वरिष्ठजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज में आने वाले दिव्यांग व वरिष्ठजनों की ओपीडी पर्ची बनाने के लिए अलग काउंटर बनाया गया है, लेकिन इसकी जानकारी दिव्यांगों व वरिष्ठजनों को नहीं मिल पाती है, क्योंकि मेडिकल कॉलेज में यह दर्शाने के लिए कोई बड़ा बोर्ड ही नहीं लगाया गया है। जहां पर सामान्य लोगों के लिए ओपीडी पर्ची बनाई जाती है, वहां पर छोटे से पन्ने पर यह जानकारी दर्शाई गई है, लेकिन कई लोगों की नजर वहां पर नहीं पड़ती है। कई बार सूचना के अभाव में दोनों ही श्रेणी के व्यक्ति सामान्य पंक्ति में पर्ची बनाने के लिए लग जाते हैं, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वरिष्ठजनों और दिव्यांगों ने मेडिकल कॉलेज से आग्रह किया है कि उनकी ओपीडी पर्ची कहां बनेंगी, यह दिखाने के लिए दो से तीन बड़े बोर्ड लगाए जाएं, ताकि जनता पर्ची बनाने उसी काउंटर पर जाए। सामाजिक कार्यकत्र्ता व हिमाचल दिव्यांग कल्याण समिति प्रदेश महासचिव रमेश चंद भारद्वाज ने कहा कि दिव्यांगों व वरिष्ठजनों की पर्ची बनाने संबंधी बोर्ड लगाने के लिए डीसी हमीरपुर को ज्ञापन भी प्रेषित किया जा चुका है।
अस्पताल में बड़े-बड़े सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिसमें बताया जाए कि दिव्यांगों व वरिष्ठजनों की पर्ची कहां बन रही है। सूचना बोर्ड के बिना दिव्यांग और वरिष्ठजनों को जानकारी नहीं मिल पाती है।
-रोशन
यदि बड़े सूचना बोर्ड लग जाएंगे तो लोगों को सहूलियत होगी। उन्हें ओपीडी पर्ची बनाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
-रोशन राठौर
कोट
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दिव्यांगों और वरिष्ठजनों की पर्ची बनाने के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। इसकी जानकारी भी चस्पा की गई है।
-डॉ. अजय शर्मा, एमएस, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर
रोशन