97 वर्षीय अवतार सिंह ठाकुर के घर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। संवाद
नादौन(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को नादौन के साथ सटी बेला पंचायत के 35 वर्षों तक प्रधान रहे बयोवृद्ध वरिष्ठ कांग्रेस नेता 97 वर्षीय अवतार सिंह ठाकुर के घर पहुंचे और बीमार चल रहे अवतार सिंह का कुशलक्षेम जाना।
उन्होंने ठाकुर अवतार सिंह को सम्मानित किया और उनके तीनों बेटों दिलावर सिंह, संजय ठाकुर, अजय ठाकुर से बातचीत की। इस दौरान दोनों ने करीब आधे घंटे तक पुरानी यादें ताजा कीं। अवतार सिंह 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान बतौर जेसीओ लोंगोवाल में युद्ध लड़ चुके हैं।
ठाकुर अवतार सिंह मुख्यमंत्री से मिलकर काफी भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने ठाकुर के बारे में कहा कि बड़ी आयु होने के बावजूद एक सैनिक का जोश कम नहीं हुआ है, यही एक सच्चे सैनिक की पहचान है।
अवतार सिंह ठाकुर कांग्रेस के बड़े नेता हैं और संगठन तथा सरकार में कई बड़े और महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वह बेला पंचायत में 35 वर्षों तक पंचायत प्रधान रह चुके हैं। ठाकुर अवतार सिंह की गिनती मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सबसे करीबी लोगों में होती है।