भांग उखाड़ो अभियान के तहत बिझड़ी पंचायत में बीमार हुए लोगों की सूचना मिलते ही उपायुक्त मदन चौहान ने मंगलवार को नायब तहसीलदार को पंचायत में भेज कर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए।
पंचायत प्रधान को दवाइयों के लिए फौरी राहत भी प्रशासन ने दी। ‘अमर उजाला’ ने अपने 30 अगस्त के अंक में भांग उखाड़ते बीमार पड़े आधा दर्जन लोग, शीर्षक से प्रमुखता से इस मामले को उठाया था।
इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। उपायुक्त मदन चौहान ने कहा कि हमीरपुर जिला में 22 अगस्त से भांग उखाड़ो अभियान आरंभ किया गया है। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ सरकारी विभागों के अधिकारी भी बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं।
चौहान ने सभी लोगों से आग्रह किया कि समाज और युवा पीढ़ी की भलाई के लिए भांग उखाड़ो अभियान पंद्रह दिन के लिए चलाया गया है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि भांग उखाड़ते समय पूरी ऐहतियात बरतें और धूप में भांग उखाड़ने से बचें।
चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन के आग्रह पर सभी लोग स्वेच्छा से अभियान के साथ जुड़े हैं।