नादौन (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर में कर्फ्यू की घोषणा होते ही नादौन पुलिस ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। क्षेत्र भर में नादौन पुलिस अब सख्ती बरतने की तैयारी में है। थाना प्रभारी प्रवीण राणा की अगुवाई में पुलिस ने नादौन उपमंडल के साथ लगती सभी सीमाओं को सील कर रखा है। हर आने-जाने वाले वाहन सहित लोगों की जांच की जा रही है। नादौन के साथ सटी कांगड़ा सीमा को पहले ही सील कर दिया गया है। नादौन के व्यास पुल पर पुलिस की ओर से बड़ा नाका लगाया गया है, जहां से अनावश्यक तौर पर आ रहे वाहनों को वापस भेजा जा रहा है। केवल किसी जरूरी कार्य से जा रहे हैं तो लोगों के वाहनों को आगे जाने की इजाजत दी जा रही है।
इस दौरान कई वाहन चालक कई तरह की बहानेबाजी कर रहे हैं। परंतु पुलिस ऐसे लोगों से कड़ाई से निपट रही है। मंगलवार को क्षेत्र में हुई बारिश के बावजूद पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर डटे रहे। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि पुलिस की ओर से लगातार वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि अब कर्फ्यू लग जाने के कारण लोग घरों से बिल्कुल न निकलें अन्यथा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें, वहीं उन्होंने कहा कि जो लोग विदेश जाकर आए हैं, वे यह जानकारी जरूर विभाग को दें। यदि किसी विदेश से आए व्यक्ति ने जानकारी नहीं दी है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।