राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर बड़सर में नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण
- फोटो : 1
बड़सर (हमीरपुर)। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने शनिवार को बणी और बड़सर स्थित नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राज्य नशा निवारण बोर्ड के सदस्य रूबल ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद टंडन, बड़सर थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे नरेश ठाकुर ने बणी में एनएच प्रो-केयर फाउंडेशन और बड़सर में एमएच डोर ऑफ होप फाउंडेशन की ओर से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने दोनों केंद्रों के रिकॉर्ड की जांच की और संचालकों से दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति के लिए केंद्रों में दाखिल लोगों को मूलभूत सुविधाओं के साथ सकारात्मक और अनुकूल माहौल मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों की दैनिक गतिविधियों में अधिक से अधिक रचनात्मक कार्यक्रम शामिल किए जाने चाहिएं, ताकि प्रभावित लोग नशे के दुष्चक्र से बाहर निकल सकें। नरेश ठाकुर ने बताया कि केंद्रों के बेहतर संचालन और सकारात्मक परिणामों के लिए राज्य नशा निवारण बोर्ड की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।