स्वाहल में उप प्रधान पद के नतीजा घोषित होने के बाद विरोध जताते प्रत्याशी नरेश के समर्थक। वीडियो
हमीरपुर। विकास खंड हमीरपुर की स्वाहल पंचायत में उपप्रधान पद की मतगणना पर सवाल उठे हैं। यहां पर पहले मतगणना में जीते प्रत्याशी नरेश कुमार की हार के बाद देर रात पंचायत घर के बाहर खूब हंगामा हुआ।
इस पंचायत में उपप्रधान पद के लिए महज एक वोट से जीत से चूके नरेश कुमार की पत्नी पूनम शर्मा ने मतगणना पर सवाल उठाए हैं। पूनम शर्मा का कहना है कि वह गणना एजेंट के रूप में मतगणना केंद्र में मौजूद थीं। पहले गणना हुई तो उनके पति नरेश एक वोट से जीत रहे थे।
इसके बाद रिकाउंटिंग की गई तो 231 मत में से उनके पति के छह मत रिजेक्ट किए गए, जबकि अजय कुमार के 230 में से पांच मत रिजेक्ट हुए। यहां पर अजय को विजयी घोषित करने के लिए उनकी सहमति के बिना हस्ताक्षर भी करवाए गए, जबकि उन्हें फोन करने की अनुमति तक नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि जब मतगणना केंद्र में एसडीएम पहुंचे तो उन्हें आश्वासन दिया गया कि वह फिर इस पर आपत्ति जता सकते हैं। अजय कुमार को 225 और नरेश कुमार को 224 मत प्राप्त हुए। यहां कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें दिनेश को 181, बबली देवी 66, श्याम लाल 38, संजीव कुमार 185 और सुरेश कुमार को 87 मत प्राप्त हुए।
वहीं, नरेश कुमार का आरोप है कि एक कर्मचारी मतगणना केंद्र में ऐसा था, जिसकी ड्यूटी यहां पर नहीं थी, ऐसे में इस मामले में चुनावी याचिका डालेंगे और न्याय लेकर रहेंगे।