ग्राम पंचायत नेरी के खग्गल में 9 से 14 जनवरी तक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता महावीर युवक मंडल खग्गल ने करवाई।
इसमें लगभग 16 टीमों ने भाग लिया। समापन अवसर पर राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि खेलों से खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास होता है। नौजवान पीढ़ी को नशे से दूर रखना है तो उनका ध्यान खेलों की ओर केंद्रित करवाना होगा।
महावीर युवक मंडल ने नाल्टी और खग्गल की टीमों का मैच मुख्यातिथि के समक्ष करवाया। इसमें नाल्टी की टीम ने खग्गल की टीम को 5 विकेट से हरा दिया।
युवक मंडल के प्रधान रविकांत ने बताया कि मुख्यातिथि ने नाल्टी की विजेता टीम को 6100 रुपये और ट्रॉफी तथा खग्गल की उपविजेता टीम को 3100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच ललित और मैन ऑफ दी सीरीज का खिताब मोहित शुक्ला को दिया गया। राणा ने सर्वकल्याणकारी संस्था की ओर से युवक मंडल को 5100 रुपये की नकद राशि दी।
इस मौके पर पंचायत प्रधान अमर चंद, कैप्टन बलदेव चंद, ग्राम सुधार सभा प्रधान धर्मचंद, सुनील, धर्मपाल, सुभाष चंद, गिरधारी लाल और विधि चंद शुक्ला के अलावा कई गणमान्य उपस्थित रहे।