ऊहल (हमीरपुर)। नलोट से कक्कड़ होते हुए बजरौल और जंगलबैरी को जोड़ने वाली सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई परत और कई स्थानों पर संकरी हो चुकी सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहिया और चौपहिया वाहन चालक इस मार्ग पर हर दिन जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं। कई हिस्सों में सड़क की सतह पूरी तरह टूट चुकी है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को बार-बार दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे आमने-सामने आने वाले वाहनों की टक्कर का खतरा बना रहता है।
सुबह और शाम के समय अधिक आवाजाही के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है। छोटे गड्ढे अब बड़े गड्ढों में बदल चुके हैं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
विशेषकर बाइक और स्कूटी चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिमपूर्ण बन गया है। बरसात शुरू होने के बाद स्थिति और खराब होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
-
सड़क से गुजरना काफी मुश्किल भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। उम्मीद है कि विभाग सड़क की जल्द सुध लेगा।
-निर्मल सिंह, निवासी कक्कड़
समय-समय पर लोक निर्माण विभाग को सड़क की सुध लेनी चाहिए। सड़क की मरम्मत को हुए काफी समय बीत गया है, जिस कारण जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं।
-विजय सिंह, निवासी कक्कड़
कोट
मामला ध्यान में आया है। सड़क की जल्द ही मरम्मत करवा दी जाएगी। लोगों को बेहतर सड़क सुविधा दी जाएगी।
-पवन गुलेरिया, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग कक्कड़
नलोट से जंगलबैरी वाया बजरौल सड़क की खराब हालत। संवाद
नलोट से जंगलबैरी वाया बजरौल सड़क की खराब हालत। संवाद
नलोट से जंगलबैरी वाया बजरौल सड़क की खराब हालत। संवाद