हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के अधिकारी के थप्पड़ की गूंज अब एसडीएम कार्यालय पहुंच गई है। बुधवार को रेहड़ी फड़ी वर्कर्स यूनियन ने एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान को लिखित शिकायत पत्र सौंप कर नप अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन ने चेताया कि अगर एक हफ्ते के भीतर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो यूनियन मजबूर होकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल के गेट के सामने गोलगप्पे बेचने वाले हेमराज ने आरोप लगाया कि गत दिवस उनकी रेहड़ी पर एक व्यक्ति आया और उसने अपने आप को नगर परिषद के अधिकारी का रिश्तेदार बताया।
गोलगप्पे लेने के बाद तीन दिन बाद वह दोबारा रेहड़ी पर आया और अधिक पैसे लेने का आरोप लगाने लगा। झूठे आरोपों के बावजूद ग्राहक को रेहड़ी धारक ने 75 रुपये वापस भी कर दिए। लेकिन, इसके बाद शिकायतकर्ता नगर परिषद के कार्यालय में पहुंच गया। नप के एक अधिकारी ने शाम करीब पौने पांच बजे हेमराज को अपने कार्यालय में बुलाया। हेमराज ने आरोप लगाया कि इस दौरान अधिकारी ने उसे थप्पड़ मारे और दुर्व्यवहार किया। जिसकी शिकायत उसने पुलिस थाना हमीरपुर और नगर परिषद की चेयरमैन सुलोचना देवी के पास भी दी है। लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी। जिसके चलते बुधवार को यूनियन के प्रधान ब्रह्मदास, सीटू के जिला संयुक्त सचिव सुरेश राठौर समेत दो दर्जन रेहड़ी धारकों ने एसडीएम हमीरपुर को शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ईओ किशोरी लाल ने गोलगप्पे बेचने वाले व्यक्ति के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि गोलगप्पे बेचने वाले को कार्यालय में बुलाकर केवल हिदायत दी है। जबकि मारपीट नहीं की। वहीं थाना प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि नप के अधिकारी की ओर से मारपीट करने की शिकायत मिली है तथा मामले की जांच चल रही है।