हमीरपुर। प्रदेश चुनाव आयुक्त पी मित्रा की ओर से नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी करने के बाद हमीरपुर में भी चुनावी शंखनाद हो गया है। जिला में दो नगर परिषदें और दो ही नगर पंचायतें हैं। जिला मुख्यालय में नगर परिषद हमीरपुर है। इसी तरह उपमंडल मुख्यालय सुजानपुर में नगर परिषद, जबकि नादौन और भोटा नगर पंचायतें हैं। 24, 26 और 28 दिसंबर को प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। जबकि 31 दिसंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 10 जनवरी को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। जिसके बाद मतगणना होगी।
हमीरपुर और सुजानपुर नगर परिषद में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर कब्जा है। जबकि नादौन और भोटा नगर पंचायत में कांग्रेस का दबदबा है। प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार जिले के चारों निकायों में कब्जा करने की रणनीति बना रही है। वहीं विपक्ष में बैठी कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायतों के अलावा इस बार नगर परिषदों पर भी जीत हासिल करने की तैयारी कर रही है। वहीं, आरक्षण रोस्टर के कारण कई प्रतिनिधियों के वार्ड आरक्षित हो चुके हैं। जिसके चलते जिले के इन चारों निकायों में चुनाव को लेकर माहौल काफी गरम है।
बाक्स:
नगर परिषद हमीरपुर में यह है आरक्षण की स्थिति
अब नगर परिषद हमीरपुर में वार्ड नंबर-एक, पांच, छह व नौ सामान्य महिला के लिए, वार्ड नंबर-तीन अनुसूचित जाति महिला के लिए, वार्ड नंबर- दो अनुसूचित जाति सदस्य के लिए आरक्षित करने तथा वार्ड नंबर-चार, सात, आठ, दस और ग्यारह अनारक्षित रखा गया है। जबकि, एसडीएम की अध्यक्षता में जारी अगस्त माह के आरक्षण रोस्टर में वार्ड नंबर 01, 05 और 06 नंबर वार्ड पूर्व में अनारक्षित थे, जो शुक्रवार को हुई बैठक के बाद महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए हैं।
नगर परिषद सुजानपुर:
नगर परिषद सुजानपुर में वार्ड नंबर एक, दो तथा पांच सामान्य महिला के लिए, वार्ड नंबर-छह अनुसूचित जाति महिला के लिए, वार्ड नंबर-तीन अनुसूचित जाति सदस्य के लिए आरक्षित करने तथा वार्ड नंबर- चार, सात, आठ और नौ अनारक्षित रखा गया है।
नगर पंचायत नादौन:
नगर पंचायत नादौन में वार्ड नंबर-एक अनुसूचित जाति महिला के लिए तथा वार्ड नंबर- दो व चार सामान्य महिला के लिए आरक्षित करने, जबकि वार्ड नंबर-तीन, पांच, छह व सात अनारक्षित रखा गया है।
नगर पंचायत भोटा
इसी प्रकार नगर पंचायत भोटा में वार्ड नंबर-दो व सात सामान्य वर्ग महिला के लिए, वार्ड नंबर-एक अनुसूचित जाति महिला के लिए, वार्ड नंबर-पांच अनुसूचित जाति सदस्य के लिए आरक्षित करने तथा वार्ड नंबर-तीन, चार और छह अनारक्षित रखा गया है।