शपथ ग्रहण समारोह के बाद एसडीएम विजय धीमान के साथ नगर पंचायत नादौन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षद।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। नगर पंचायत नादौन के नवनिर्वाचित पार्षदों की प्रथम बैठक वीरवार को नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें कई अहम निर्णय लिए गए। तरुण कपिल ने कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी नादौन को पत्र लिखकर आग्रह किया गया है कि शहर भर के आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन वितरण संबंधित वार्ड पार्षद की उपस्थिति में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष से अधिक समय से नगर पंचायत में मामूली तकनीकी कारणों के चलते भवनों के नक्शे लंबित पड़े हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर इन नक्शों को अति शीघ्र पास करके लोगों को राहत दी जाएगी। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और शहरभर में कई गलियों में बंद पड़ी लाइटों को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाने के भी निर्देश दिए हैं। कपिल ने कहा कि आवश्यकता अनुसार अन्य स्थलों पर और अधिक लाइटें लगवाई जाएंगी।
उन्होंने शहर के कई भागों में पानी की किल्लत दूर करने तथा सीवरेज कार्य को उचित तरीके से करवाने के लिए सभी पार्षदों से सहयोग मांगा। तरुण कपिल ने स्थानीय दुकानदारों से आग्रह किया कि वह शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटा लें। इस संबंध में व्यापार मंडल से भी बैठक शीघ्र की जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष योगराज, पार्षद शम्मी सोनी, उषा सोंधी, सुषमा अवस्थी, सुमन कुमारी व अनिता कुमारी समेत अन्य पार्षद उपस्थित रहे।