नादौन। नगर पंचायत नादौन में नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हुआ, लेकिन बहुमत के बावजूद भाजपा समर्थक पार्षद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं कर सके। इसके चलते शपथ ग्रहण करने के बाद सभी पार्षद बाहर आ गए।
एसडीएम विजय धीमान ने सातों नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह नगर पंचायत कार्यालय के प्रांगण में हुआ। शपथ ग्रहण से पूर्व पिछली नगर पंचायत को भंग करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई। सोमवार को वार्ड नंबर 1 सुमन कुमारी, वार्ड नंबर 2 उषा सोंधी, वार्ड नंबर 3 तरुण कपिल, वार्ड नंबर 4 सुषमा अवस्थी, वार्ड नंबर 5 योगराज, वार्ड नंबर 6 शम्मी सोनी व वार्ड नंबर 7 से अनिता कुमारी ने शपथ ली। नगर पंचायत के सातों वार्डों में से वार्ड 2, 3, 4 व 5 से भाजपा समर्थक प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा वार्ड एक व वार्ड सात से आजाद उम्मीदवार जबकि वार्ड छह से शहरी इकाई कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी सोनी ने जीत दर्ज की है। वार्ड 7 को छोड़कर अन्य छह वार्डों में जीते पार्षदों ने अपने प्रतिनिधियों को बड़े अंतर से हराया, सबसे अधिक जीत का अंतर वार्ड 4 में रहा है। बहुमत होने के बावजूद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव में पेच फंसा हुआ है। इसलिए सोमवार को भाजपा समर्थक आम सहमति नहीं बना सके। इसके कारण एसडीएम विजय धीमान ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए 20 जनवरी तक का समय पार्षदों को दिया है।