स्थानीय निकाय चुनावों में नगर पंचायत नादौन के सभी सात वार्डों मेें शानदार जीत के बाद नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फैसला सोमवार को होगा। 10 जनवरी को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सभी नवनिर्वाचित सातों सदस्यों से अलग-अलग मुलाकात कर सभी की राय जानने का प्रयास किया। सभी पार्षद कांग्रेस समर्थक होने के बावजूद भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर एक मत बनाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इसमें एक को मनाओ तो दूसरा नाराज हो जाता है, वाली कहावत सटीक बैठ रही है।
नादौन नपं में प्रधान का पद महिला के लिए आरक्षित है।
इस समय इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी के पहली बार चार पार्षद चौधरी बिरादरी से विजयी हुए हैं। वह एक पद इनमें से चाहते हैं। अगर ऐसा नहीं होता है तो चौधरी बिरादरी के एक बड़े खेमे की नाराजगी कांग्रेस पार्टी को आगामी चुनावों में उठानी पड़ सकती है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन सोनी के बेटे शम्मी सोनी ने वार्ड दो से शानदार विजय प्राप्त की।
वहीं, कहा जा रहा है कि अन्य वार्डों के प्रत्याशियों के लिए भी शम्मी ने संजीवनी का काम किया। शहर का युवा वर्ग उन्हें उपाध्यक्ष के पद पर देखना चाहता है। वहीं, निर्वतमान अध्यक्ष रीना देवी वार्ड पांच से विजयी हुई हैं। वरिष्ठता के आधार पर अध्यक्ष पद के लिए वह सशक्त दावेदार हैं। ऐसी परिस्थितियों में कांग्रेस नेताओं के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों का एलान करना कठिन हो रहा है।
कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक प्रधान पृथ्वी चंद से बात करने पर उन्होंने बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी पार्षदों की राय ली है। सोमवार को शपथ ग्रहण के बाद वह अपना निर्णय सुना देंगे जो कि सभी को मान्य होगा।