बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि कांग्रेस के पास बड़सर में बताने के लिए एक भी ठोस उपलब्धि नहीं है, इसलिए अब नाबार्ड से स्वीकृत करोड़ों की परियोजनाओं का झूठा श्रेय लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नाबार्ड पूरी तरह केंद्र सरकार के अधीन है और इसकी परियोजनाएं विधायक प्राथमिकता पर स्वीकृत होती हैं। ऐसे में कांग्रेस का इसे अपनी उपलब्धि बताना न सिर्फ झूठ और ढोंग है, बल्कि बड़सर की जनता का अपमान भी है। उन्होंने कहा कि चकमोह-रैली जजरी बाजार से अंदरोली बाया बलड़ा सड़क, लिंक रोड गनोह वाया एमआईटी हरिजन बस्ती गनोह, लिंक रोड दंदवी से धंगोटा वाया खारल–जलाड़ी-दियोटसिद्ध मुख्य सड़क का डबल लाइन अपग्रेडेशन (वाया सलौनी-बिझड़ी) सड़कों को विधायक प्राथमिकता से स्वीकृत कर केंद्र को डीपीआर भेजी गई थी।
अब केंद्र सरकार ने इन्हें स्वीकृत कर क्षेत्र के हजारों लोगों को सौगात दी है। इसके लिए बूथ अध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा, मक्कड़ पंचायत प्रधान नीरज शर्मा, उपप्रधान देशराज, कुल्हेड़ा पंचायत उपप्रधान इंद्रजीत और उपप्रधान गुरदेव ने विधायक इंद्रदत्त लखनपाल का आभार जताया है।