नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के मानपुल गांव में बुधवार को पैरामोटर ग्लाइडर राहुल गढ़वाल ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी। नादौन क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से उभारने के पर्यटन विकास विभाग ने कमर कस ली है। शहर के निकट मानपुल गांव में पैरामोटर ग्लाइडिंग के लिए भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। बुधवार को इसकी संभावनाएं तलाशने के लिए मौके पर अधिकारियों की उपस्थिति में पैरामोटर ग्लाइडर राहुल गढ़वाल ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी। यहां दो सीट वाला ग्लाइडर भी लाया गया था। जिसकी उड़ान का ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया गया। राहुल नादौन के ही रहने वाले हैं और उन्हें कई घंटे उड़ान का अनुभव है।
माना जा रहा है कि यदि यह योजना सिरे चढ़ती है तो मानपुल में बनने जा रहे एचआरटीसी डिपो के लिए चयनित की गई भूमि के निकट ही यह पैरामोटर ग्लाइडर केंद्र बनेगा। विभाग का लक्ष्य है कि ज्वालामुखी, चिंतपूर्णी, बगलामुखी और बाबा बालक नाथ आदि क्षेत्रों में आने वाले धार्मिक पर्यटकों को नादौन क्षेत्र में इन सुविधाओं के माध्यम से जोड़ा जाए। इस अवसर पर एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल, आरटीओ हमीरपुर अंकुश शर्मा, एसीएफ हमीरपुर निशांत पराशर, पर्यटन विभाग जिलाधिकारी रवि धीमान और आशु मंडयाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिवर राॅफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग से पयर्टन कारोबार चमकाने का लक्ष्य
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रिवर राॅफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग का नादौन में हब बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पर्यटन विभाग की अन्य योजनाओं पर भी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है ताकि नादौन क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर उभारा जा सके। इससे स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। पर्यटन विकास विभाग के निदेशक अविनाश नेगी ने कहा कि यहां किए गए ट्रायल की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।