एनआईटी हमीरपुर में आयोजित मिस्टिकल गैदरिंग में मॉडलिंग करते प्रतिभागी। संस्थान
एनआईटी हमीरपुर में ‘मिस्टिकल गैदरिंग 2025 का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में शनिवार को सांस्कृतिक संध्या ‘मिस्टिकल गैदरिंग 2025’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम टीम फैशन परेड की ओर से छात्र सांस्कृतिक समिति और प्रतिष्ठित संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में हुआ। यह आयोजन 20 सितंबर 2025 को ओपन एयर थिएटर (ओएटी) में हुआ, जिसमें छात्रों को फैशन, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ औपचारिक उद्घाटन सत्र से हुआ, जिसमें निदेशक प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी, रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना संतोष ननोटी और डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ.योगेश्वर दत्त शर्मा सहित गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। ‘मिस्टिकल गैदरिंग 2025’ ने बॉलीवुड फैशन के विकास को केंद्र में रखते हुए दर्शकों को 1960 के दशक की रेट्रो और विंटेज शैली से लेकर आधुनिक और वैचारिक डिज़ाइनों की यात्रा पर ले जाया गया।
कार्यक्रम में भारतीय सिनेमा के विभिन्न दौर की प्रतिष्ठित शैलियों को दोबारा जीवंत करने वाले थीम आधारित फैशन परेड, छात्रों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने वाली डिजाइन प्रतियोगिता और फैशन इलस्ट्रेशन व कलात्मक कृतियों की प्रदर्शनी शामिल रही। कार्यक्रम का उत्साह संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से और बढ़ गया, जिन्हें म्यूज़िक क्लब और रिदमीज़ क्लब ने प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने भारतीय सिनेमा की सांस्कृतिक विविधता को बखूबी दर्शाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य मॉडलिंग प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपने नवीन फैशन डिज़ाइन प्रस्तुत किए।