कांगू बाजार में सड़क की खुदाई के कारण लगा जाम। संवाद
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के कांगू बाजार में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क किनारे सीसी वर्क के लिए करवाई जा रही नाली की खुदाई से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
जेसीबी से सड़क के एक ओर गहरी नाली खोदे जाने के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है और बाजार में जाम की स्थिति भी बन रही है। सड़क की टारिंग का काम करीब पांच-छह माह पहले पूरा हुआ था। उस समय सड़क के एक ओर सीसी वर्क किया गया, जबकि दूसरी ओर का काम अधूरा छोड़ दिया गया था।
अब काफी समय बाद दूसरी ओर सीसी वर्क के लिए खोदाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों ओर का काम टारिंग के साथ ही पूरा कर लिया जाता तो दोबारा खोदाई के कारण परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
जिस स्थान पर खुदाई की गई है, उसके सामने भारतीय स्टेट बैंक की कांगू शाखा और करीब 500 मीटर दूरी पर सोसायटी स्थित है। यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है।
नाली की खोदाई के कारण खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को बैंक तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय दुकानदारों को बुजुर्गों को पकड़कर बैंक तक पहुंचाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि बैंक के सामने आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाए या खुदाई के बाद तुरंत बजरी-मिट्टी डालकर रास्ता सुगम बनाया जाए।
कोट:
भारतीय स्टेट बैंक कांगू के सामने तत्काल मिट्टी डलवा दी जाएगी, ताकि बुजुर्गों और अन्य लोगों को बैंक तक पहुंचने में परेशानी न हो।
-अमन कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, धनेटा
संशोधन : सोनम शर्मा
कांगू बाजार में सड़क की खुदाई के कारण लगा जाम। संवाद