हमीरपुर। सदर थाना के तहत एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान दिव्यांश निवासी बजूरी के रूप में हुई। बेटे की मौत की सूचना सुनकर मां ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन महिला को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाए, जहां पर महिला का उपचार किया जा रहा है। दिव्यांश जिला मुख्यालय में ही एक निजी स्कूल में बतौर सुरक्षा कर्मी तैनात था। 24 मार्च को वह सलासी में बैठा था। यहां पर दिव्यांश की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह गिर गया। इस दौरान अन्य सुरक्षा कर्मी ने दिव्यांश को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद जैसे ही यह सूचना उसकी मां को मिली, तो उसने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। तबीयत बिगड़ने पर महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया, यहां पर वह उपचाराधीन है।
वहीं, दिव्यांश की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्प्ष्ट होंगे। एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।