अणु के सिंथेटिक ट्रैक में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में भाग लेते अभ्यर्थी। स्रोत : पुलिस विभाग
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के 734 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक अणु में शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) जारी हैं। भर्ती के दूसरे दिन बुधवार को 1600 अभ्यर्थियों को ग्राउंड टेस्ट के लिए बुलाया गया था। इनमें से 969 युवा मैदान में पहुंचे, लेकिन कड़े शारीरिक परीक्षणों की कसौटी पर महज 216 अभ्यर्थी ही खरे उतर पाए। वहीं, 633 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों को हाई जंप और दौड़ में असफलता का सामना करना पड़ा। हाई जंप में 317 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित हुए, जबकि 100 मीटर दौड़ में 219 युवा निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके। इसके अलावा 800 से 1500 मीटर दौड़ में 139, हाइट में 59, ब्रॉड जंप में 12 और छाती के निर्धारित मानकों में दो अभ्यर्थी अयोग्य पाए गए।
पंजीकरण के दौरान भी एक अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित किया गया। वहीं, तीन अभ्यर्थी परीक्षण के दौरान आयोजन स्थल छोड़कर चले गए, जिसके चलते उन्हें भी अयोग्य घोषित कर दिया गया। इस तरह दूसरे दिन कुल 752 अभ्यर्थी अयोग्य रहे, जबकि 216 ने ग्राउंड टेस्ट पास किया। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के तहत कुल 6,248 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया गया है। इनमें 4,804 पुरुष और 1,444 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया दो नवंबर 2026 तक चलेगी। 29 अक्तूबर को करवाचौथ के अवसर पर अवकाश रहेगा। इसके बाद 30 अक्तूबर को 1,600 पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
चोटिल अभ्यर्थियों को मिला दोबारा मौका
भर्ती के पहले दिन मंगलवार को चोटिल हुए दो अभ्यर्थियों का शेड्यूल पुनर्निर्धारित कर बुधवार को परीक्षण के लिए बुलाया गया था। दोनों अभ्यर्थी दूसरे दिन ग्राउंड टेस्ट में शामिल हुए। दूसरे दिन भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से 18 अपीलें प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा कर दिया गया। इसके अतिरिक्त एक अपील की समीक्षा भी की गई, लेकिन उसका परिणाम रिजेक्ट रहा।
-कम संख्या में युवा भर्ती के लिए पहुंच रहे हैं। युवाओं से अपील है कि अधिक संख्या में भर्ती स्थल पर आएं।-बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर