हमीरपुर। जिले के 433 प्राथमिक स्कूलों में दाखिल प्री-प्राइमरी से दूसरी कक्षा के विद्यार्थी अब दो कार्यक्रम से पढ़ाई करेंगे। इसके लिए समग्र शिक्षा अभियान और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने मानसून प्रशिक्षण कैंप शुरू कर दिया है।
इससे अब विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से घर व स्कूल में पढ़ाई करेंगे। कैंप में फाउंडेशन के स्वयंसेवी और शिक्षक विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं, ताकि उन्हें बरसात की छुट्टियों के बाद परीक्षाएं देने में परेशानी का सामना न करना पड़े। कैंप में दोनों कार्यक्रमों को 12 अगस्त तक ऑनलाइन, जबकि इसके बाद स्कूल खुलने पर कार्यक्रम ऑफलाइन तरीके से शुरू किया जाएगा।
मानसून प्रशिक्षण कैंप निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा, पंचकोषीय विकास और ऑनलाइन पठ्न पाठ्न सामग्री को व्यवस्थित करके विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने के लिए शुरू किया गया है, ताकि छुट्टियों के बीच भी विद्यार्थियों में लिखने और पढ़ने की आदत को बनाया जा सके। आमतौर पर स्कूल बंद होने पर छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों के आधार कमजोर हो जाते हैं, जिससे शिक्षकों को उन्हें पुराने पाठ्यक्रम को नए सिरे से पढ़ाना पड़ता है।
इससे पूर्व भी फाउंडेशन और विभाग की ओर से नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने पर समर प्रशिक्षण कैंप शुरू किया गया था, ताकि विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषय पढ़ने में आसानी हो सके। अब मानसून कैंप के बीच छुट्टियां होने के कारण दोनों कार्यक्रमों को कुछ समय तक ऑनलाइन किया गया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देशय विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है।
कोट
विद्यार्थियों को छुट्टियों के दौरान समग्र शिक्षा और प्रथम फाउंडेशन की ओर से ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करवाई जा रही है। दोनों कार्यक्रमों के तहत मानसून प्रशिक्षण कैंप शुरू कर दिया है। छुट्टियों के बाद विद्यार्थी ऑफलाइन माध्यम से पढ़ाई करेंगे।
-भवानी सिंह, जिला समन्वयक, प्री-प्राइमरी