हमीरपुर। जिला मुख्यालय सहित नगर निगम हमीरपुर के एरिया में निजी पार्किंग संचालन के निगरानी तंत्र विकसित होगा। नगर निगम हमीरपुर में निजी पार्किंग के शुल्क, पंजीकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए बायलॉज बनेंगे। प्रदेश के अन्य नगर निगम में लागू बायलॉज का अध्ययन कर इसे हमीरपुर में लागू किया जाएगा तॉाकि निजी पार्किंग संचालकों की मनमानी को नियंत्रित किया जा सके।
नगर निगम बनने से पहले हमीरपुर शहर में निजी पार्किंग के पंजीकरण को लेकर कवायद शुरू हुई थी लेकिन यह कवायद सिरे नहीं चढ़ सकी थी। नगर परिषद के मासिक हाउस में इस विषय पर चर्चा हुई थी। पंजीकरण शुल्क और सीसीटीवी की व्यवस्थाओं को लेकर नगर परिषद के प्रयास जमीनी स्तर पर नहीं उतर पाए थे। अमर उजाला ने पार्किंग में मनमानी अभियान चलाकर मनमाने शुल्क वसूले जाने पर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर सवाल किया था। जिसके बाद अब नगर निगम हमीरपुर ने निजी पार्किंग के संचालन को लेकर बायलॉज के तहत कार्य करने का निर्णय लिया है। शहर में संचालित कई निजी पार्किंग स्थलों में मनमाने शुल्क वसूले जा रहे हैं। हर पार्किंग में शुल्क अलग अलग लिए जा रहे हैं। नगर परिषद की ओर से आवंटित पार्किंग में सबसे कम शुल्क लिया जा रहा है लेकिन निजी पार्किंग संचालकों की ओर से मनमर्जी से दाम वसूल किए जा रहे हैं।
वहीं, इन पार्किंग में सुरक्षा व्यवस्था भी रामभरोसे है। खुले आसमान के निजी पार्किंग चलाई जा रही हैं और पार्किंग शुल्क भी आसमान पर हैं। पार्किंग में न तो सीसीटीवी की व्यवस्था है और न ही चौकीदारों की। महज पर्ची काटने के कर्मी रखे गए हैं। ऐसे में अब पार्किंग के पंजीकरण, सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित अन्य शर्तों को लागू करने के लिए बायलॉज के तहत कार्रवाई करेगी। शहर में संचालित कईं पार्किंग से चोरी की वारदातें भी सामने आई हैं। ऐसे में पार्किंग संचालन के लिए बायलॉज बनने से व्यवस्था में कुछ हद सुधार होने की उम्मीद है।
नगर निगम हमीरपुर कार्यालय। संवाद
नगर निगम हमीरपुर कार्यालय। संवाद
नगर निगम हमीरपुर कार्यालय। संवाद