हमीरपुर। बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर की तीन ब्रांचों में आधुनिक उपकरण लगेंगे। इन तीन ब्रांचों में इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मेकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शामिल हैं।
मोडरोबस प्रोजेक्ट के तहत संस्थान ने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) को 30-30 लाख रुपये के तीन प्रपोजल स्वीकृति को भेजे हैं। एआईसीटीई की ओर से स्वीकृति मिलने पर संस्थान को 90 लाख रुपये मिलेंगे। इस धनराशि का उपयोग ब्रांच से संबंधित सामान खरीद के लिए होगा।
बहुतकनीकी संस्थान में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) नया कोर्स इस सत्र से शुरू किया गया। इस कोर्स में 40 सीटें भरी गई हैं। संस्थान के पास शिक्षा से संबंधित कुछ सामान उपलब्ध हो गया है। अन्य आधुनिक उपकरण सहित अन्य सामान की आवश्यकता को इस राशि से पूर्ण किया जाएगा।
मेकेनिकल इंजीनियरिंग ब्रांच का नया भवन बनाया जा रहा है। इस ब्रांच के लिए जरूरी सामान की आवश्यकता है। वहीं, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग का पाठ्यक्रम में बदलाव हुआ है। इस ब्रांच के लिए सॉफ्टवेयर सहित अन्य सामान की खरीद होना बाकी है। प्रपोजल की स्वीकृति मिलने पर दो किस्तों में धनराशि संस्थान को मिलेगी। इस राशि का उपयोग कर संस्थान शिक्षा से संबंधित आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा।
यह है मोडरोबस प्रोजेक्ट
मोडरोबस प्रोजेक्ट एआईसीटीई की आधुनिकीकरण एवं अप्रचलन निवारण योजना है। यह तकनीकी संस्थानों की प्रयोगशालाओं और कार्यशालाओं को नवीनतम उपकरणों और तकनीकों से आधुनिक बनाने के लिए वित्त पोषण प्रदान करती है। इसका उद्देश्य व्यवाहारिक शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग अभिमुख परियोजनाओं को बढ़ावा देना है। यह एआई संचालित प्रस्तावों को प्राथमिकता देती है।
कोट
-मोडरोबस प्रोजेक्ट के तहत एआईसीटीई को तीन प्रपोजल स्वीकृति के लिए भेजे हैं। प्रपोजल को स्वीकृति मिलने पर तीन ब्रांचों में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
-चंद्रशेखर, प्राचार्य, बहुतकनीकी संस्थान, हमीरपुर